कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक आज, प्रतिभा सिंह दिल्ली पहुंचीं

कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक आज, प्रतिभा सिंह दिल्ली पहुंचीं
महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों के बाद कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक के आयोजन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह इस बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली रवाना हो चुकी हैं, जबकि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पहले ही दिल्ली में मौजूद हैं। शुक्रवार को दिल्ली में आयोजित होने वाली सीडब्ल्यूसी बैठक में कांग्रेस अपने भविष्य के एजेंडे पर चर्चा कर सकती है। इस दौरान प्रदेश के दोनों वरिष्ठ नेता दिल्ली में मौजूद होने के कारण संगठन चुनाव और मंत्रिमंडल विस्तार पर भी बातचीत की संभावना जताई जा रही है।

हालांकि, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के आदेश के बाद ऐसा लग रहा था कि हिमाचल प्रदेश में संगठन गठन की जिम्मेदारी प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह पर होगी, लेकिन केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें पूरी स्वतंत्रता देने के बजाय सभी 12 जिलों और चार लोकसभा सीटों पर ऑब्जर्वर नियुक्त कर दिए हैं। इन ऑब्जर्वर्स के माध्यम से ब्लॉक और जिलास्तर पर पदाधिकारियों की सूची तैयार की जाएगी, जिसे दिल्ली भेजा जाएगा, और वहीं अंतिम निर्णय लिया जाएगा। दिल्ली पहुंचने पर प्रतिभा सिंह कांग्रेस के प्रमुख नेताओं, जिनमें प्रियंका गांधी वाड्रा, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खडग़े, महासचिव केसी वेणुगोपाल और हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला से भी मुलाकात करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× Talk on WhatsApp