भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी और विधायक रणधीर शर्मा ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री पत्रकारिता के स्वतंत्रता पर लगातार हमले कर रहे हैं। शर्मा ने विधानसभा में मुख्यमंत्री द्वारा की गई पत्रकारों के खिलाफ टिप्पणियों और हाल ही में उपमुख्यमंत्री द्वारा की गई बयानबाजी का विरोध किया। इसके अलावा, कुछ पत्रकारों पर एफआईआर दर्ज करने का मुद्दा भी उठाया, जिससे यह साबित होता है कि सरकार लोकतंत्र में विश्वास नहीं रखती।
शर्मा ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के भाजपा पर लगाए गए आरोपों की भी निंदा की, जिसमें कहा गया था कि भाजपा केंद्र से मिलने वाली आर्थिक सहायता में रुकावट डाल रही है। शर्मा ने इस आरोप को निराधार बताया और कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार ने पिछले दो वर्षों में हिमाचल प्रदेश को अधिक सहायता दी है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि 2023 में हिमाचल को केंद्र से 8478 करोड़ रुपए मिलने का अनुमान था, जबकि सरकार ने 9167 करोड़ रुपए की मदद दी। इसी तरह, 2024 के वित्तीय वर्ष में भी केंद्र सरकार ने हिमाचल को 10352 करोड़ रुपए की सहायता दी है।