मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज शिमला में एक भव्य समारोह में 21 अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को कुल 14.77 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की। इनमें से विशेष रूप से जिला ऊना से ताल्लुक रखने वाले निषाद कुमार को 7.80 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। निषाद ने टोक्यो पैरालंपिक 2022 में रजत पदक, पेरिस पैरालंपिक 2024 में रजत पदक, पैरा एशियन गेम्स चीन 2023 में स्वर्ण पदक और वर्ल्ड गेम्स पुर्तगाल 2022 में रजत पदक जीते थे।
मुख्यमंत्री ने मंडी जिले से अजय कुमार को 2.50 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की, जिन्होंने पैरा एशियन गेम्स चीन 2023 में रजत पदक जीता था। सिरमौर जिले की कबड्डी खिलाड़ी रितु नेगी को एशियन गेम्स चीन 2023 में भारतीय कबड्डी टीम की कप्तान के रूप में स्वर्ण पदक जीतने पर 33.32 लाख रुपये दिए गए। इसी प्रकार, कुमारी पुष्पा, कुमारी सुषमा शर्मा, कुमारी निधि शर्मा और कुमारी ज्योति को भी इसी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के लिए 33.32 लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया।